
नई दिल्ली। भारतीय प्रशासनिक सेवा के चर्चित अधिकारी और यूपीएससी टॉपर आईएएस अधिकारी रवि कुमार सिहाग फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी सर्विस के साथ-साथ पर्सनल लाइफ से जुड़ा बड़ा फैसला है। रवि कुमार सिहाग (आईएएस, एमपी-2022) ने लव मैरिज के बाद अपनी पत्नी और आईएएस अधिकारी इशिता राठी के साथ रहने के लिए अपना कैडर बदलने का फैसला किया।
आईएएस रवि कुमार सिहाग मध्यप्रदेश कैडर से अब एजीएमयूटी कैडर में जा रहे हैं। डिपॉर्टमेंट ऑफ़ पर्सनल एंड ट्रैंनिंग (डीओपीटी) ने मैरिज ग्राउंड के आधार पर उनका ट्रांसफर मंजूर करते हुए 9 मार्च 2026 को आदेश जारी कर दिए हैं।
पत्नी इशिता राठी एजीएमयूटी कैडर में कलेक्टर
मध्य प्रदेश कैडर में रहते हुए रवि कुमार सिहाग ने अपनी बैचमेट आईएएस इशिता राठी से 16 दिसंबर 2025 को शादी की थी। दोनों की लव मैरिज है. इशिता राठी एजीएमयूटी कैडर की अधिकारी हैं और इसी साल फरवरी में उन्होंने कराईकल (पुदुचेरी) में जिला कलेक्टर के रूप में जॉइन किया है। वहीं मध्य प्रदेश में रवि कुमार सिहाग उप-विभागीय अधिकारी (एसडीओ), राजस्व विभाग, लखनादौन (जिला सिवनी) के पद पर पदस्थ हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ कि एजीएमयूटी कैडर में रवि कुमार सिहाग की पोस्टिंग पुदुचेरी में पत्नी के साथ होगी या किसी अन्य राज्य/केंद्र शासित प्रदेश में!
क्या है एजीएमयूटी कैडर
एजीएमयूटी कैडर का पूरा नाम अरुणाचल प्रदेश, गोआ, मिजोरम और यूनियन टैरिटरी कैडर है। यह भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और भारतीय वन सेवा अधिकारियों के लिए बनाया गया एक संयुक्त कैडर है। इस कैडर के अधिकारी अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सेवा देते हैं।
जम्मू एंड कश्मीर तथा लद्दाख भी इसी दायरे में
इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंदमान एंड निकोबार और पुडुचेरी जैसे केंद्र शासित प्रदेशों के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश, गोआ और मिजोरम भी शामिल हैं। हाल के वर्षों में जम्मू एंड कश्मीर तथा लद्दाख भी इसी कैडर के दायरे में आते हैं। इस कैडर का प्रशासनिक नियंत्रण किसी राज्य सरकार के पास नहीं, बल्कि यह मिनिस्ट्री ऑफ़ होम अफ़ेयर्स के अधीन संचालित होता है। इसलिए यहां तैनात अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने का अनुभव मिलता है।