
इंदौर। प्रयागराज महाकुंभ में मोतियों की माला बेचने गई मोनालिसा अपनी खूबसूरती की वजह से इतनी चर्चित हो गई थी, कि उन्हें फ़िल्म में काम मिल गया। अब फिर मोनालिसा चर्चा में है, पर इस बार कारण उसका मुस्लिम प्रेमी से शादी करना है। उसने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से केरल के एक मंदिर में परिवार के विरोध के बावजूद शादी कर ली।
मोनालिसा ने बुधवार को अरुमुन्नूर मंदिर में शादी की। शादी के दौरान मंदिर में फैंस, मीडिया और नेता भी शामिल हुए। शादी की रस्मों के बाद इस जोडें ने भगवान के सामने माथा टेका और पुजारी से आशीर्वाद लिया। इस शादी में केरल के शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी, सीपीएम के राज्य सचिव एमवी गोविंदन और सांसद एए रहीम शामिल हुए। सांसद रहीम ने कहा कि ये विवाह केरल की सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा को दर्शाता है। शादियां स्वर्ग में तय होती हैं और वह स्वर्ग केरल है। हम यहां उनके इस उत्सव में शामिल होने आए हैं। शिक्षा मंत्री शिवनकुट्टी ने भी इस अवसर को राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि यही असली केरल स्टोरी है। उन्होंने केरल की सामाजिक सौहार्द की परंपरा का उल्लेख किया।
परिवार ने विरोध किया
मोनालिसा इंदौर की रहने वाली हैं। वहीं फरमान महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। मोनालिसा और फरमान खान डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे। लेकिन, उनके परिवारवाले इस शादी के खिलाफ थे। जब परिवार ने इस शादी और उनके प्यार का विरोध किया तो मोनालिसा और फरमान ने केरल में शरण ली। मोनालिसा ने सुरक्षा मांगते हुए तिरुवनंतपुरम के थंपनूर पुलिस स्टेशन में शरण ली। मोनालिसा बुधवार को ही फरमान खान के साथ तिरुवनंतपुरम पहुंची। पुलिस से संपर्क कर बताया था कि उनके पिता विजय सिंह भोसले उन पर अपनी पसंद के व्यक्ति से शादी करने का दबाव बना रहे हैं।
पुलिस से सुरक्षा मांगी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। क्योंकि, शारीरिक उत्पीड़न का कोई आरोप नहीं लगाया गया। पुलिस ने स्थिति की समीक्षा की और पुष्टि की कि मोनालिसा बालिग हैं, इसलिए उन्हें अपनी पसंद से विवाह करने का कानूनी अधिकार है। पुलिस ने ये बात उनके पिता को भी स्पष्ट कर दी। रिपोर्टों के अनुसार, उनके परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया था और शुरुआत में दावा किया था कि मोनालिसा नाबालिग हैं। हालांकि, पुलिस की जांच में पुष्टि हुई कि वो 18 वर्ष की हैं। बताया जाता है कि मोनालिसा के पिता उन्हें वापस ले जाने के लिए केरल पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने उनके साथ हवाई अड्डे जाने से इनकार कर दिया।
कुंभ से चर्चित होकर परदे तक पहुंची
मोनालिसा महाकुंभ के दौरान वायरल हुई थीं, जब वो महाकुंभ में माला बेचने गई थी। इसी दौरान उसकी एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद हर जगह मोनालिसा के ही चर्चे थे। मोनालिसा की किस्मत पूरी तरह बदल गई थी। मोनालिसा को फिल्मों में भी काम मिला। उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के लिए भी शूट किया, साथ ही म्यूजिक वीडियो भी किए। वो फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में नजर आएंगी। ये उनकी डेब्यू फिल्म है। फिल्म का ट्रेलर फरवरी 2026 में रिलीज किया गया। इस फिल्म के लिए मोनालिसा ने कड़ी मेहनत की। वहीं मोनालिसा पूवर में निर्देशक पी बिनु वर्गीज की मलयालम फिल्म ‘नगम्मा’ की शूटिंग कर रही हैं।
