
इंदौर। 15 साल का छात्र संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से प्रभावित होकर घर से निकल गया। बुधवार से लापता इस छात्र का दूसरे दिन शुक्रवार को भी कोई सुराग नहीं मिला। खजराना पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज कर यूपी पुलिस और जीआरपी को सूचना भेज दी है। छात्र कृष्ण विहार कॉलोनी का रहने वाला है। वह घर से क्रिकेट खेलने निकला था, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटा। परिवार ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बाद में घर में उसके द्वारा लिखा पत्र मिला, जिसके बाद गुरुवार को परिजन थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मुझे ढूंढने की कोशिश मत करना
छात्र ने पत्र में मां-पिता, भाई और दादा को संबोधित करते हुए लिखा कि वह अपने असली परिवार के पास जा रहा है। उसने परिवार से रोने या उसे ढूंढने की कोशिश न करने की बात भी कही। वह घर किसी डांट-फटकार या खराब रिजल्ट की वजह से नहीं छोड़ रहा, बल्कि उसे अपनी असलियत का पता चल गया है। उसने कहा कि यदि परिवार उस असलियत को जानना चाहता है, तो उसके फोटो पर लिखे संत प्रेमानंद महाराज के वचनों को पढ़े। छात्र ने बताया कि उसने दोस्त से 500 रुपए उधार लिए हैं, जिसे परिवार लौटा दे। अंत में उसने जय माता दी लिखकर पत्र समाप्त किया।
रोज दो घंटे करता था पूजा
परिजनों के मुताबिक छात्र धार्मिक प्रवृत्ति का था। वह रोज दो घंटे पूजा-पाठ करता था और शाम को डेढ़ से दो घंटे तक मंदिर में रुकता था। वह अक्सर संत प्रेमानंद महाराज के वीडियो देखता था। जांच के दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल की गूगल हिस्ट्री में देहरादून जाने वाली ट्रेन के बारे में सर्च करने की जानकारी मिली है। इसके अलावा उसके इंस्टाग्राम अकाउंट में भी धार्मिक भजन और प्रवचन देखे गए।
सीसीटीवी में अकेला जाता दिखा
घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में छात्र अकेले जाते हुए दिखाई दिया है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी है। परिवार ने रिश्तेदारों को भी सूचना दी है। पिता अनिल के अनुसार बेटे का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि बड़ा बेटा पहले मथुरा में पढ़ाई कर चुका है, इसलिए उसे वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में जानकारी लेने भेजा जा रहा है।
