
जम्मू। में एक शादी समारोह के दौरान जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री Farooq Abdullah पर जानलेवा हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना बुधवार देर रात जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित रॉयल पार्क में हुई, जहां एक निजी समारोह में कई राजनीतिक हस्तियां मौजूद थीं। मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया और पूर्व मुख्यमंत्री सुरक्षित बच गए।
पीछे से रिवॉल्वर तान दी
बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान अचानक एक व्यक्ति डॉ. अब्दुल्ला के बेहद करीब पहुंच गया और उनके पीछे से रिवॉल्वर तान दी। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया, जिससे गोली ऊपर की ओर चल गई और किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपी को लोगों द्वारा घेरते और काबू करते हुए देखा जा सकता है।
कमल सिंह जामवाल पुरानी मंडी का निवासी
पुलिस के अनुसार हमलावर की पहचान कमल सिंह जामवाल के रूप में हुई है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का निवासी है। उसका जन्म वर्ष 1963 में हुआ था और ओल्ड सिटी क्षेत्र में उसकी कई दुकानें हैं, जिनसे मिलने वाले किराये से वह अपना गुजारा करता है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि वह पिछले लगभग दो दशकों से फारुख अब्दुल्ला को निशाना बनाने की योजना बना रहा था।
एक सुरक्षाकर्मी ने हटाया, गोली ऊपर चली
समारोह में मौजूद प्रत्यक्षदर्शी राकेश सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम नेशनल कॉन्फ्रेंस के लीगल सेल के अध्यक्ष की बेटी की शादी का था। जब कार्यक्रम समाप्त होने वाला था और डॉ अब्दुल्ला वहां से निकलने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति अचानक पीछे से आया और रिवॉल्वर तान दी। उसी समय एक सुरक्षाकर्मी ने उसे हटाया, जिससे गोली ऊपर की तरफ चल गई। घटना के बाद जम्मू-कश्मीर सरकार के मंत्री Satish Sharma ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। उन्होंने इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक बताया और कहा कि जिन नेताओं ने देश के लिए बड़े बलिदान दिए हैं, उनकी सुरक्षा पुख्ता होनी चाहिए।
मेहरबानी है हादसा टल गया
वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपने पिता पर हुए हमले को लेकर कहा कि यह ऊपर वाले की मेहरबानी है कि बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर उनके पिता के बेहद करीब पहुंच गया था और गोली भी चला दी, जो कि बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जेड प्लस और एनएसजी जैसी उच्च सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कोई व्यक्ति इतने करीब कैसे पहुंच गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और सुरक्षा में हुई संभावित चूक की भी पड़ताल की जा रही है।