
धार। जिले में ठगों ने बेहद शातिर तरीके से खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर एक ठेकेदार के घर फर्जी छापेमारी की और कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार यह वारदात धार जिले के बाग क्षेत्र स्थित ब्राह्मण मोहल्ले में हुई। यहां एमपीईबी के ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो आकर रुकी। वाहन से पांच लोग उतरे, जिनमें से दो खाकी वर्दी में थे। जबकि, तीन सामान्य कपड़ों में थे। उन्होंने खुद को आयकर विभाग की टीम बताते हुए घर का दरवाजा खटखटाया और ब्लैक मनी की शिकायत मिलने का हवाला देकर तलाशी लेने की बात कही।
परिवार को कमरे में बैठाकर, मोबाइल छीने
परिवार को लगा कि वास्तव में आयकर विभाग की टीम आई है, इसलिए उन्हें अंदर आने दिया गया। घर में प्रवेश करते ही कथित अधिकारियों ने पूरे घर की तलाशी शुरू कर दी। पीड़िता कृष्णा मालवीय के मुताबिक आरोपियों ने अलमारी की चाबी अपने पास ले ली और अलग-अलग कमरों में जाकर सामान देखने लगे। इस दौरान उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बैठा दिया और उनके मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए, ताकि कोई बाहर सूचना न दे सके।
तलाशी के बहाने 50 तोला सोना और 4 लाख ले गए
करीब पंद्रह मिनट तक घर में तलाशी लेने का नाटक करने के बाद आरोपियों ने अलमारी से करीब 50 तोला सोने के जेवर और चार लाख रुपए नकद निकाल लिए। इसके बाद वे तेजी से बाहर निकले और स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गए। जब कुछ देर बाद परिवार को शक हुआ और उन्होंने आसपास जानकारी ली, तब पता चला कि कोई भी आधिकारिक टीम इलाके में नहीं आई थी।
अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और आरोपियों की पहचान हो सके। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के वर्षों में इस तरह की घटनाएं देश के कई हिस्सों में सामने आई हैं, जहां ठग खुद को आयकर, पुलिस या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को झांसा देते हैं और तलाशी के बहाने लूट की वारदात को अंजाम देते हैं।
कई बार वे नकली पहचान पत्र और वर्दी का भी इस्तेमाल करते हैं, जिससे लोग आसानी से धोखा खा जाते हैं। धार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई खुद को सरकारी अधिकारी बताकर घर में तलाशी लेने आए तो पहले उसकी पहचान और आधिकारिक आदेश की पुष्टि जरूर करें। जरूरत पड़ने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि इस तरह के गिरोहों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
