
मुंबई। कथाकार, पत्रकार हरीश पाठक को प्रतिष्ठित धर्मवीर भारती स्मृति व्यंग्य यात्रा सम्मान 2026 से सम्मानित किया जाएगा। इसके पहले यह सम्मान विश्वनाथ सचदेव, आबिद सुरती और बलराम को दिया जा चुका है।
प्रख्यात कथाकार, व्यंग्यकार, संपादक विष्णु नागर को रवींद्रनाथ त्यागी स्मृति व्यंग्य यात्रा शीर्ष सम्मान और सोपान सम्मान विनोद कुमार विक्की और शारदा त्यागी स्मृति व्यंग्य यात्रा सम्मान स्नेहलता पाठक को दिया जाएगा। व्यंग्य यात्रा व्यंग्य चिंतक सम्मान संयुक्त रूप से बीएल आच्छा तथा संजीव कुमार को दिया जाएगा।
रवींद्रनाथ त्यागी स्मृति एवं व्यंग्य यात्रा प्रबंध समिति की बैठक में बड़ी संख्या में आयी संस्तुतियों, प्रविष्टियों पर गहन चर्चा के बाद सर्व सम्मति से यह पुरस्कार तय किए गए। प्रख्यात कथाकार ममता कालिया की गरिमामयी उपस्थिति और प्रेम जनमेजय की अध्यक्षता और सरंक्षक अशोक त्यागी और महासचिव रणविजय राव इसमें शामिल थे। प्रख्यात कथाकार सूर्यबाला से फोन पर इसकी संस्तुति ली गई।
सम्मानित होने वाले सभी साहित्यकारों को सम्मान राशि के साथ प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न, शॉल और श्रीफल दिया जाएगा। सम्मान समारोह 21 मार्च, 2026 को दिल्ली स्थित हिंदी भवन में शाम 5 बजे आयोजित होगा।