
बागपत। कुंभ मेले से वायरल हुई मोनालिसा ने अब बागपत के रहने वाले मुस्लिम युवक फरमान के साथ शादी रचा ली। दोनों की शादी को लेकर सोशल मीडिया से लेकर इलाके तक चर्चाओं का दौर जारी है। मोनालिसा का परिवार इस शादी से खुश नहीं है। अब फरमान का परिवार भी इस शादी से नाखुश नजर आ रहा है। उन्होंने फरमान और मोनालिसा को घर में घुसने तक से मना कर दिया। जबकि, मोनालिसा के पिता ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से अपनी बेटी को वापस लाने की अपील की है।
फिल्म में ही मोनालिसा से मुलाकात
फरमान यूपी के बागपत जिले के पलड़ी गांव का रहने वाला है। फरमान ने पलड़ी गांव के जनता इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की और उसके बाद जनता वैदिक डिग्री कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह काम की तलाश में दिल्ली चला गया था, जहां उसने फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में काम करना शुरू कर दिया। इन दिनों फरमान केरल में बन रही फिल्म ‘मणिपुर फाइल्स’ में काम कर रहा था। इस दौरान उसकी मुलाकात कुंभ मेले से वायरल हुई मोनालिसा से हुई। फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फिर दोनों का रिश्ता प्यार में बदल गया।
फरमान का परिवार नाराज
अब दोनों ने शादी रचा ली है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। वहीं, फरमान के इस फैसले से उसका परिवार नाराज है। फरमान के पिता जाफर अली और भाई समद ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें इस शादी की जानकारी नहीं थी। वे इस रिश्ते से खुश नहीं हैं। फिलहाल मोनालिसा और फरमान की शादी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही है, वहीं परिवार की नाराजगी के बीच यह मामला इलाके में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
फरमान के पिता चौधरी जाफर अली ने कहा
फरमान के पिता चौधरी जाफर अली ने बताया कि फरमान साल में एक-दो बार ही घर आता है। मेरे बेटे ने जो शादी की है, उससे हम खुश नहीं हैं और हमने अब तक उससे इस बारे में कोई बात नहीं की। मेरी उससे लगभग 15 दिन पहले फोन पर बात हुई थी, लेकिन उसने अपनी शादी के बारे में कुछ भी नहीं बताया। मुझे सिर्फ इतना पता था कि फरमान और उसके साथ फिल्मों में काम करने वाली लड़की के बीच दोस्ती है, लेकिन यह जानकारी नहीं थी कि वे शादी कर लेंगे। मैं सभी बिरादरियों में बैठता हूं। पंडित, जाट भाई सब मुझे जानते हैं, मैं भी जाट मुस्लिम हूं।