
इंदौर। यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू बनाने पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसके तहत 20 दिन में नो-पार्किंग में खड़े 3750 वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर कार्रवाई की गई है। यह अभियान पुलिस उपायुक्त (प्रभारी ट्रैफिक) राजेश त्रिपाठी के निर्देशन चल रहा है। इसमें चारों यातायात जोन में पेट्रोलिंग टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
इन इलाकों में अभियान चलाया
यातायात पुलिस की टीमों ने अपने-अपने जोन में भ्रमण कर निरीक्षण किया और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। जोन-1 के कालानी नगर, एयरपोर्ट रोड, बड़ा गणपति से गौराकुंड, इमली बाजार, अंतिम चौराहा और मरीमाता से बाणगंगा तक, जोन-2 में मालवा मिल से पाटनीपुरा, भमोरी, एलआईजी, रसोमा, मेदांता रोड और विजयनगर क्षेत्र, जोन-3 में जेलरोड, एमटीएच, आरएनटी मार्ग, एमजी रोड, व्हाइट चर्च से दवा बाजार, मधुमिलन, जंजीरवाला, पलासिया से व्हाइट चर्च और घंटाघर से गीताभवन तक तथा जोन-4 में सपना संगीता, टॉवर चौराहा से खातीवाला टैंक, सिंधी कॉलोनी, राजवाड़ा, जवाहर मार्ग, खजूरी बाजार, सराफा और भंवरकुआ से भोलाराम उस्ताद मार्ग तक अभियान चलाया गया।
आधुनिक संसाधनों का उपयोग
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने पीए सिस्टम, बॉडी वॉर्न कैमरा, क्रेन, सपोर्ट वाहन, व्हील लॉक और पीओएस मशीन का उपयोग कर अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की। कई स्थानों पर अनाउंसमेंट के जरिए हजारों वाहनों को हटवाया भी गया। बता दें, यातायात पुलिस पहले वाहन चालकों को समझाइश और चेतावनी देती है, लेकिन नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर व्हील लॉक और क्रेन के माध्यम से चालान की कार्रवाई की जाती है।
यातायात व्यवस्था अधिक सुगम
लगातार हो रही इस कार्रवाई के कारण कई क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम हुई है, जिसकी जिम्मेदार नागरिकों द्वारा सराहना भी की जा रही है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।