
इंदौर। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की होड़ में कुछ इनफ्लुएंसर अब कानून और सुरक्षा की भी अनदेखी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला इंदौर में सामने आया है, जहां सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ‘ओए इंदौरी’ का यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए बनाया गया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
बुलेट पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी
वायरल वीडियो में इनफ्लुएंसर बिना हेलमेट के बुलेट मोटरसाइकिल चलाते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि एक युवती बाइक की टंकी पर बैठी दिखाई दे रही है। हैरानी की बात यह भी है कि जिस बुलेट से यह स्टंट किया गया, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई दिखाई दे रही है। शहर की व्यस्त सड़कों पर इस तरह का खतरनाक स्टंट न केवल उनकी अपनी जान को खतरे में डालता है, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा करता है।
मामले की जांच शुरू कर दी गई
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि वीडियो सामने आते ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने भी स्पष्ट किया है कि कानून तोड़कर सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।