
मुंबई। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ परदे पर वापस लौट रहा है। ये अचरज वाली बात इसलिए कही जा सकती है, कि जिस शो का अंत आशंका के साथ होता था, कि अगले सीजन में बतौर सूत्रधार अमिताभ लौटेंगे या नहीं! वही सीजन इस बार अपेक्षाकृत जल्दी शुरू होने की संभावना है। क्योंकि, इस शो की कल्पना अमिताभ बच्चन के बगैर नहीं की जा सकती। एक बार नए सूत्रधार का प्रयोग जरूर करने की कोशिश की गई, पर वो सफल नहीं हुआ।
महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर ज्ञान मंच पर कंटेस्टेंट की किस्मत संवारते नजर आएंगे। क्योंकि, टेलीविजन जगत का सबसे बड़ा रियलिटी शो अपनी अगली पारी के लिए तैयार है। ‘देवियों और सज्जनों, मैं अमिताभ बच्चन एक बार फिर से आप सभी का स्वागत करता हूं।’ यह आवाज जल्द ही आपके घरों में फिर से गूंजने वाली है। देश के सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 18वां सीजन टीवी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। सोनी टीवी के इस शो का नया प्रोमो सोशल मीडिया पर आ चुका है, जिसमें अमिताभ बच्चन अपने पुराने अंदाज में शो की वापसी का ऐलान करते नजर आ रहे हैं।
अमिताभ बच्चन का ‘सरप्राइज’
प्रोमो की शुरुआत भी बेहद दिलचस्प अंदाज से होती है। अमिताभ बच्चन के मजेदार अंदाज में. कैमरा के सामने आकर कहते हैं ‘सरप्राइज!’ लाल रंग के वेलवेट कोट और ब्लैक ट्राउजर में वो हमेशा की तरह बेहद शानदार दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे आईने के सामने खड़े होकर ‘सरप्राइज’ कहते हुए अपनी बाहें फैलाते हैं। हालांकि, बीच में वे अपनी एक छोटी सी गलती पर मुस्कुराते हुए ‘सॉरी, गड़बड़ हो गई’ भी कहते हैं और फिर अपना वीडियो आगे बढ़ाते हुए केबीसी के रजिस्ट्रेशन का ऐलान करते हैं।
9 मार्च से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू
केबीसी के 18वें सीजन का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे दर्शकों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी रजिस्ट्रेशन की तारीख। वीडियो में साफ तौर पर बताया गया है कि 9 मार्च से शो के सवाल और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दर्शक सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव ऐप के माध्यम से इस प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं। प्रोमो के अंत में एक महत्वपूर्ण डिस्क्लेमर भी दिया गया, जिसमें प्रतिभागियों को आगाह किया गया है कि वे किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या लॉटरी के झांसे में न आएं। चैनल ने स्पष्ट किया है कि ‘कौन बनेगा करोड़पति’ कभी भी किसी से किसी भी प्रकार की फीस या शुल्क की मांग नहीं करता है।
अमिताभ बच्चन और केबीसी का नाता सालों पुराना है। पिछले सीजन के अंत में जब अमिताभ भावुक हुए थे। तब कई कयास लगाए जा रहे थे कि क्या वो वापस आएंगे। लेकिन, अब इस आधिकारिक प्रोमो ने उन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। फैंस अपने चहेते होस्ट को फिर से हॉट सीट के सामने देखने के लिए बेताब हैं। जानकारी के मुताबिक ये नया सीजन जुलाई या अगस्त तक ऑन एयर होगा।
