
इंदौर। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को इंदौर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के अमल में आने से देश की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय तेजी आएगी। भारतीय उद्यमियों व निर्यातकों को ‘दोगुना फायदा’ मिलेगा।
भारत के निर्यात में मजबूती आएगी
मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ समझौते के सकारात्मक असर से भारत का निर्यात और अधिक मजबूत होगा। मांडविया ने बताया कि व्यापार समझौते से पहले अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर ऊंचे शुल्क लगाए जाने के बावजूद भारत का निर्यात बढ़ा। क्योंकि, भारतीय निर्यातकों ने इसे अवसर मानते हुए नए अंतरराष्ट्रीय बाजार तलाश लिए। अब समझौते के तहत अमेरिकी शुल्क में कटौती होने से भारतीय उत्पादों की पहुंच फिर से अमेरिकी बाजार तक आसान हो गई है।
भारत को नए बाजारों का लाभ मिलेगा
उन्होंने कहा कि इस समझौते से निर्यातकों को अमेरिका के साथ-साथ नए बाजारों का भी लाभ मिलेगा। मंत्री ने यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ हो रहे सिलसिलेवार व्यापार समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें विदेशों में कार्यरत भारतीय कामगारों की सामाजिक सुरक्षा को भी शामिल किया जा रहा है, जो पूर्व सरकारों में नहीं था।
आम बजट लक्ष्य के अनुरूप
वर्ष 2026-27 के आम बजट की सराहना करते हुए मांडविया ने कहा कि यह बजट 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के अनुरूप है। बजट से रोजगार सृजन, आर्थिक विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। मध्यप्रदेश को आवंटन के सवाल पर उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन के तहत सभी राज्यों को उचित हिस्सा दिया गया है।