
गाजियाबाद। यहां दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां तीन नाबालिग सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनों को ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी।
मामला थाना टीला मोड़ क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसाइटी का है। मृतक बहनों की पहचान निशिका (16 वर्ष) प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें ऑनलाइन टास्क बेस्ड कोरियन लव गेम खेलती थीं और कोरोना काल से मोबाइल गेमिंग की आदी हो गई थीं। पुलिस के अनुसार, तीनों का स्कूल भी नियमित नहीं चल रहा था।
रात दो बजे उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के अनुसार,तीनों बहनें भारत सिटी के बी-1 टावर स्थित फ्लैट नंबर 907 में अपने परिवार के साथ रहती थीं। मंगलवार देर रात करीब दो बजे तीनों ने एक साथ नौवीं मंजिल से छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें हर काम एक साथ करती थीं और उसी क्रम में उन्होंने यह भयावह कदम उठाया।
परिवार सदमे में, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता चेतन कुमार गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल और ऑनलाइन गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।