
नई दिल्ली। मंगलवार को फिर शीतलहर से लोगों की परेशानी बढ़ाने वाली है। भारी बारिश के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश समेत 13 राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आने की भी संभावना है। यात्रा करने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है।
उत्तर भारत के 23 जिलों में शीतलहर की चेतावनी भी जारी की गई। दिल्ली में अभी तापमान और नीचे जाएगा। बच्चों और बुजुर्ग को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की जरूरत है। तो चलिए जानते हैं कल देश के अन्य इलाकों में मौसम कैसा रहेगा। जिन 13 राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी है उनमें,बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं।
इसके बाद 28 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। इसके अलावा पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, जालंधर, लुधियाना, मोगा, जालंधर, होशियारपुर, गुरदासपुर और फरीदकोट में भी सुबह के समय तेज हवा के साथ कड़ाके की ठंड पड़ेगी। हिमाचल के किन्नौर, सिरमौर, सोलन, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में भी शीतलहर चलेगी।
आज मध्य प्रदेश का मौसम
मंगलवार को मध्य प्रदेश में मौसम बदलने की चेतावनी जारी की गई। मौसम विभाग के मुताबिक देवास, विदिशा, सागर, दमोह, शाजापुर, रायसेन, नीमच और होशंगाबाद में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई। भोपाल में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
राजस्थान का मौसम
आज राजस्थान में भी मौसम बिगड़ने वाला है। कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया। जिन जिलों में बारिश की संभावना है उनमें जयपुर, हनुमानगढ़, झुंझुनू,भरतपुर, चुरू, सीकर, अलवर, धौलपुर और बीकानेर शामिल हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
दिल्ली में भी मौसम के बदलने का अलर्ट जारी किया गया है। 27 जनवरी की सुबह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। बारिश के चलते ट्रैफिक व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। इस बारिश के चलते आने वाले सप्ताह में ठंड और बढ़ जाएगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
यूपी में भी मौसम बदलेगा
पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों की टेंशन बढ़ा दी है। दरअसल, अगले 12 घंटे में यानी 27 जनवरी को अधिकांश जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की गई है। मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, हापुड़, बुलंदशहर, कानपुर, लखनऊ, बहराइच, ज्योतिबाफुले नगर, झांसी, मुरादाबाद, ललितपुर, बाराबंकी, संभल, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, एटा, मैनपुर, फर्रुखाबाद और इटावा शामिल हैं।लखनऊ में कल अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

