
इंदौर। शहर के लसूडिया क्षेत्र में एक निजी कंपनी द्वारा टाउनशिप निर्माण परियोजना के दौरान की गई लापरवाहीपूर्ण खुदाई ने 113 परिवारों की जान संकट में डाल दी। बुधवार को हुई इस घटना में नजदीकी बिल्डिंग की सड़क धंस गई, बिजली का ट्रांसफार्मर गड्ढे में जा गिरा और ड्रेनेज व पानी की लाइनें टूट गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और रहवासियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मामले में गुरुवार को पीड़ित रहवासी शिकायत लेकर लसूडिया थाने पहुंचे। पुलिस ने न्यू रेसकोर्स रोड स्थित न्यू रेसकोर्स बिल्डिंग, महालक्ष्मी नगर निवासी पंकज दुबे की शिकायत पर ठेकेदार जगदीश दांगी और शाहिद चौहान के खिलाफ तोड़फोड़ करने और 113 परिवारों की जान जोखिम में डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
रहवासियों के अनुसार पिपल्याकुमार क्षेत्र में उनकी टाउनशिप के समीप ‘सिंगापुर मरीना’ नामक प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे सार्थक विनायक रियल बिल्ट द्वारा कराया जा रहा है। खुदाई का कार्य जगदीश दांगी और कंक्रीट कार्य शाहिद चौहान को सौंपा गया था। आरोप है कि बिना सुरक्षा इंतजामों के गहराई तक खुदाई की गई।
हादसे में ट्रांसफार्मर गिरने से पूरी बिल्डिंग की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, वहीं सोसायटी की बाउंड्रीवॉल गिर गई और जमीन नीचे की तरफ से खिसक गई। रहवासियों का कहना है कि पिछले डेढ़ माह से दिन-रात जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। नगर निगम में कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।