
इंदौर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ईगल क्लॉ’ के तहत इंदौर पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। थाना तेजाजी नगर, जोन-1 पुलिस ने पंजाब के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 87 किलो डोडा चूरा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 35 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान बुट्टा सिंह, निवासी जालंधर (पंजाब) के रूप में हुई। आरोपी ट्रक के भीतर नकली डीज़ल टैंक, केबिन और टूल बॉक्स बनाकर डोडा चूरा की तस्करी कर रहा था। पूछताछ में सामने आया कि यह तरीका उसने बॉलीवुड फिल्मों से प्रेरित होकर अपनाया था। आरोपी के खिलाफ पहले भी पंजाब के नवांशहर जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है।
मंगलवार को एबी रोड बायपास क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान यादव ढाबा के पास सर्विस रोड पर खड़े एक ट्रक पर पुलिस को शक हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी घबरा गया और ट्रक स्टार्ट करने की कोशिश करने लगा, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। इसके बाद ट्रक की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में डोडा चूरा बरामद किया गया।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पंजाब से ट्रक लेकर मध्यप्रदेश आता, आगर मालवा से डोडा चूरा भरकर इंदौर के रास्ते पंजाब लौटता था और वापसी में ट्रांसपोर्ट का अन्य माल ले जाता था। इस कार्रवाई में एक ट्रक जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
