
पटना। उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे कह रहे हैं कि बिहार में लडकी 20-25 हजार में मिल जाती है। मामला अल्मोड़ा की सोमेश्वर विधानसभा का है, जिसमें भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री के पति कुछ लड़कों पर शादी न होने पर तंज कसते हुए नजर आ रहे हैं। गिरधारी सामने बैठे कार्यकर्ता से कहते हैं कि चलना हमारे साथ, हम तुम्हारी शादी करवा देंगे।
इस पूरे मामले को लेकर राजद ने मंत्री के पति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि ये सीधे तौर पर पूरे देश और बिहार की महिलाओं का अपमान है। यह बयान महिलाओं को वस्तु के रूप में देखने वाली विकृत मानसिकता को भी उजागर करता है। रेखा आर्य को अपने पति के साथ मीडिया के सामने आकर माफी मांगनी चाहिए।
2022 में सोमेश्वर से विधायक और मंत्री रेखा आर्य 2027 की तैयारी में जुट गई हैं। उनके पति गिरधारी लाल चुनाव की तैयारी में पूरा साथ दे रहे हैं। करीब 7-8 दिन पहले चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए ही गिरधारी लाल अल्मोड़ा जिले में पड़ने वाली सोमेश्वर सीट के दौलाघाट क्षेत्र में पहुंचे थे। यहां पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने वाले एक कार्यक्रम में उन्होंने मंच से ये बयान दिया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गिरधारी लाल साहू सामने बैठे युवा कार्यकर्ता से उसकी उम्र पूछते हुए कहते हैं ‘नवीन तुम कितनी उम्र के हो बेटा? तुम तो नौजवान ही हो। शादी भी नहीं हुई तुम्हारी। तो फिर तुम शादी बुढ़ापे में करोगे? अभी तक तीन चार बच्चे हो जाते। लडकी हम तुम्हारे लिए बिहार से ले आते हैं। बिहार में 20-25 हजार में मिल जाती है। चलिए मेरे साथ तुम्हारी शादी करवाते हैं।’
