
इंदौर। शहर में रोमांच और स्वाद का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। इंदौर के बायपास क्षेत्र झलारिया में प्रदेश के पहले हवाई रेस्टोरेंट की शुरुआत की जा रही है। ‘फ्लाई डाइनिंग’ नाम का यह रेस्टोरेंट 160 फीट की ऊंचाई पर संचालित होगा, जहां बैठकर लोग न केवल स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे बल्कि पूरे शहर के खूबसूरत नजारों को भी देख पाएंगे।
हवाई रेस्टोरेंट के संचालन में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। इसे बायपास क्षेत्र में इसलिए स्थापित किया गया, ताकि यहां से नया शहर, पुराना शहर, देवगुराड़िया की पहाड़ियां और प्रदेश के सबसे बड़े मॉल सहित आसपास का विहंगम दृश्य नजर आ सके। यह रेस्टोरेंट 360 डिग्री में घूमने की सुविधा से लैस है, वहीं इसकी सीटें भी 180 डिग्री तक घूम सकती हैं, जिससे हर दिशा का नजारा लिया जा सके।
फ्लाई डाइनिंग रेस्टोरेंट को बर्थडे पार्टी, एनिवर्सरी, रीयूनियन, वेलकम पार्टी और अन्य खास आयोजनों के लिए भी उपयुक्त बनाया गया है। रेस्टोरेंट संचालक राहुल शर्मा ने बताया कि यह एक अनोखा और रोमांचकारी कॉन्सेप्ट है, जिसे शहरवासियों से अच्छा प्रतिसाद मिलने की उम्मीद है।
