
लंदन। ब्रिटेन के लिंकनशायर वन्यजीव पार्क में इन दिनों एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला चर्चा में है। यहाँ पाँच अफ्रीकी ग्रे-तोतों ने अपनी हरकतों से चिड़ियाघर प्रशासन को असहज कर दिया। ये तोते बोलने की कला में तो माहिर थे ही, लेकिन उन्होंने दर्शकों को गंदी-गंदी गालियां देकर पार्क की छवि पर सवाल खड़े कर दिए।
इन तोतों के नाम एरिक, जेड, एल्सी, टायसन और बिली हैं। इन्हें कुछ समय पहले ही दर्शकों के आकर्षण के लिए पार्क में लाया गया था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन एक सप्ताह के भीतर इन सभी तोतों ने एक-दूसरे से गाली-गलौज की भाषा सीख ली। इसके बाद उन्होंने पार्क में आने वाले दर्शकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। पार्क कर्मचारियों के अनुसार, पहले तो ये तोते आपस में ही अभद्र भाषा का प्रयोग करते थे, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने लोगों को देखकर भी वही शब्द दोहराने शुरू कर दिए। खास बात यह रही कि जब दर्शक उनकी बातें सुनकर हँसते थे, तो तोतों को और प्रोत्साहन मिलता था और वे और अधिक गालियां देने लगते थे।
25 साल में पहली बार ऐसा नज़ारा
वन्यजीव पार्क के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टीव निकोल्स ने बताया कि उनके 25 वर्षों के अनुभव में ऐसा मामला पहली बार सामने आया है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी तोते कुछ भद्दे शब्द बोल देते हैं, लेकिन दर्शकों को खुलेआम गालियां देना अभूतपूर्व है। बच्चों पर पड़ने वाले गलत प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने इन तोतों को दर्शकों से दूर कर अलग-अलग स्थानों पर रखने का निर्णय लिया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि समय के साथ ये तोते अपनी बुरी आदत छोड़कर फिर से सभ्य शब्द सीखेंगे। यह घटना लोगों के लिए भले ही मनोरंजक हो, लेकिन चिड़ियाघर प्रबंधन के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन गई है।