
तिरुवल्लूर । तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला एवं दुखद आपराधिक मामला सामने आया है, जहां सांप के काटने से हुई एक सरकारी कर्मचारी की मौत को पुलिस ने हत्या करार दिया हैं।
बेटों ने 3 करोड़ रुपए के बीमा क्लेम के लालच में अपने ही पिता को जहरीले सांप से कटवाकर मौत के घाट उतार दिया।
विस्तृत जानकारी अनुसार 56 वर्षीय ई.पी. गणेशन, जो एक सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में लैब असिस्टेंट थे, जो 22 अक्टूबर 2025 को पोथातुरपेट्टई गांव स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर सांप के काटने से निधन हो गया था। शुरुआत में इसे दुर्घटना मानकर पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज किया था।
लेकिन बीमा कंपनी ने क्लेम की प्रक्रिया में संदेह जताया, क्योंकि मृतक के बेटों ने मौत की घोषणा के कुछ ही मिनटों बाद बीमा क्लेम की जानकारी लेनी शुरू कर दी थी। इसके अलावा, परिवार की आय के मुकाबले असामान्य रूप से कई कर्ज एवं उच्च मूल्य की बीमा पॉलिसियाँ होना भी शक का कारण बना।
बीमा दावों की प्रक्रिया के दौरान, बीमा कंपनी ने गणेशन के नाम पर ली गई कई उच्च मूल्य वाली पॉलिसियों और लाभार्थियों के आचरण का हवाला देते हुए मृत्यु की परिस्थितियों पर संदेह जताया। बीमा कंपनी ने उत्तरी क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, आसरा गर्ग (आईपीएस) को इसकी सूचना दी, जिसके बाद गहन जांच शुरू की गई।
जांच एवं खुलासा:
तिरुवल्लूर पुलिस ने दिसंबर में एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया, जिसकी अगुवाई DSP जयश्री ने की। जांच में निम्न तथ्य सामने आए:
गणेशन के नाम पर विभिन्न कंपनियों से कुल 11 बीमा पॉलिसियाँ थीं, जिनमें से 4 जीवन बीमा पॉलिसियाँ थीं और कुल बीमा राशि लगभग 3 करोड़ रुपये।(एक ख़बर के अनुसार 4.5 करोड़ तक का उल्लेख) थी।
कॉल रिकॉर्ड्स, दस्तावेज़ एवं अन्य सबूतों से पता चला कि यह एक सुनियोजित हत्या की साजिश थी।
सामान्य तौर पर सांप काटने की स्थिति में तुरंत प्राथमिक उपचार और नजदीकी अस्पताल ले जाया जाता है, लेकिन इस मामले में गणेशन के बेटों ने पास के स्वास्थ्य केंद्र में ले जाने के बजाय करीब 45 मिनट तक एंबुलेंस का इंतजार किया. यही देरी उनकी मंशा पर सवाल खड़े करने लगी।
हत्या की साजिश:
गणेशन के दोनों बेटे मोहनराज (26-29 वर्ष) एवं हरिहरन (27 वर्ष) ने अपने दोस्तों की मदद से यह खौफनाक योजना बनाई। मकसद था बीमा राशि हड़पना।
पहली कोशिश: लगभग 10 दिन पहले एक कोबरा सांप से गणेशन को पैर पर कटवाया गया, लेकिन पड़ोसियों ने समय पर अस्पताल पहुँचाकर उनकी जान बचा ली।
दूसरी कोशिश (सफल): अक्टूबर में सुबह-सुबह एक अत्यधिक विषैला कॉमन क्रेट (Indian Krait) सांप घर में लाया गया और जानबूझकर गणेशन की गर्दन पर कटवाया गया, जो घातक साबित हुआ।
सबूत मिटाने के लिए: सांप को घर के अंदर ही मार दिया गया, ताकि घटना दुर्घटना लगे। इसके अलावा, अस्पताल ले जाने में जानबूझकर देरी की गई।
पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
मोहनराज एवं हरिहरन (बेटे)
उनके सहयोगी: जी. बालाजी (28), बी. प्रशांत (35), एस. दिनकरन (43), जी. नवीनकुमार (27) जिन्होंने सांप की व्यवस्था की एवं साजिश में मदद की।
सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। तिरुवल्लूर SP विवेकानंद शुक्ला एवं IG असरा गर्ग ने इसकी पुष्टि की है।
यह घटना रिश्तों की पवित्रता पर गहरा आघात है एवं बीमा धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को उजागर करती है। पुलिस जांच जारी है, यह सनसनीखेज मामला पवित्र रिश्तों को झकझोर देने वाला है।