
इंदौर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू किया गया। इस कड़ी में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के अमले ने कनाड़िया रोड क्षेत्र में स्कूली बसों की आकस्मिक जांच की, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच के दौरान बिना वैध परमिट संचालित दो स्कूली बसों को तत्काल जब्त किया गया। इन बसों से कुल 90 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाली 7 अन्य स्कूली बसों पर 35 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा दस्तावेज सहित सभी आवश्यक कागजातों की बारीकी से जांच की गई। इसके साथ ही बसों में फायर सेफ्टी उपकरण, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन दरवाजे और अन्य सुरक्षा मानकों का भी परीक्षण किया गया। आरटीओ टीम ने स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों से भी फीडबैक लिया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन चालक तेज गति से वाहन नहीं चला रहे हैं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर रहे हैं।
मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस कार्रवाई में आरटीओ प्रदीप कुमार शर्मा, एआरटीओ राजेश गुप्ता, संभागीय परिवहन सुरक्षा स्क्वॉड एवं उनकी टीम मौजूद रही।
