
इंदौर। मंडलेश्वर-महू मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जाम गेट पर मंगलवार को दर्दनाक हादसे में बीटेक के छात्र की जान चली गई। बंदर को बिस्किट खिलाते समय पैर फिसलने से युवक करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे खाई से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कुक्षी निवासी सुजल कन्नौज (26) अपने तीन दोस्तों विजय मुजाल्दा, मंसाराम सोलंकी और लोकेश के साथ थार वाहन से जाम गेट घूमने आया था। चारों दोस्त सुबह करीब 4 बजे निकले और 6 बजे जाम गेट पहुंचे। इस दौरान दो दोस्त मैगी खा रहे थे, जबकि सुजल खाई के किनारे खड़े होकर बंदरों को बिस्किट खिला रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही मंडलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे बाद पुलिस टीम खाई में उतरकर युवक की तलाश में जुटी। गंभीर रूप से घायल सुजल को कंबल में लपेटकर ऊपर लाया गया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। तत्काल एंबुलेंस से उसे मंडलेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय निवासी जितेंद्र बारिया पटेल के अनुसार संभवतः युवक सेल्फी लेने के दौरान संतुलन खो बैठा। मंडलेश्वर थाने के प्रधान आरक्षक संजय यादव ने बताया कि रेस्क्यू में करीब छह घंटे लगे। मृतक सुजल इंदौर के डीएवीवी में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था और इंदौर में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके परिवार में दो बहनें और एक बड़ा भाई है।