
नई दिल्ली। गोवा के नाइट क्लब ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। थाईलैंड पुलिस ने दोनों भाइयों को भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैंकॉक से भारत डिपोर्ट किया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस की एक टीम उनका इंतजार कर रही है। पुलिस दोनों भाइयों को एयरपोर्ट पर ही हिरासत में लेगी।
उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड के लिए पेश किया जाएगा। गोवा के बिर्च नाइट क्लब में 6 दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद दोनों भाई भारत छोडकर थाईलैंड फरार हो गए थे। थाईलैंड पुलिस ने 11 दिसंबर को फुकेट में दोनों भाइयों को हिरासत में लिया था। दोनों पर गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, 9 दिसंबर को थाई अधिकारियों को पता चला कि भारतीय सुरक्षा एजेसियां जिन भाइयों को ढूंढ रही है, वे फुकेट में छिपे हैं। भारतीय एजेंसियों से इनपुट मिलने के बाद थाई अधिकारियों ने पहले ही होटलों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। 11 दिसंबर को जब दोनों भाई होटल से बाहर खाना खाने के लिए निकले तो थाई इमिग्रेशन और पुलिस अधिकारियों ने उनकी पहचान और यात्रा की डिटेल्स वेरिफाई कीं और पकड़ लिया।
भारत और थाईलैंड के बीच 2013 से प्रत्यर्पण संधि लागू है, जो भगोड़े अपराधियों के प्रत्यर्पण के लिए एक ठोस कानूनी ढांचा प्रदान करती है। गोवा पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों पर लापरवाही, बिना फायर सेफ्टी उपकरणों के फायर शो आयोजित करने, हत्या, गैर-इरादतन हत्या और चोट पहुंचाने के आरोप हैं।