
विक्रम सेन
नई दिल्ली । दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के दौरान स्कूलों में क्लासरूम निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने सख्त कार्रवाई की है. ACB ने पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया पूर्व लोक निर्माण मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है।
दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा तैयार की गई एक रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में कक्षाओं और स्कूल भवनों के निर्माण में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला हुआ है। यह कार्य दिल्ली सरकार द्वारा अत्यधिक बढ़ी हुई लागत पर किया गया था।
कथित घोटाला लगभग 12,748 कक्षाओं के निर्माण से जुड़ा है।
एसीबी की रिपोर्ट में कहा गया है कि कक्षाओं और स्कूल भवनों के निर्माण पर कुल 2,892.65 करोड़ रुपये खर्च हुए। इनका निर्माण कथित तौर पर 8,800 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से किया गया था, जबकि यह सर्वविदित है कि औसत निर्माण लागत (यहां तक कि फ्लैटों के निर्माता के लिए भी) लगभग 1,500 रुपये प्रति वर्ग फुट थी।
क्लासरूम्स को सेमी-पर्मानेंट स्ट्रक्चर (SPS) के रूप में बनाया गया, जिसकी आयु 30 साल होती है, लेकिन इसकी लागत RCC (पक्के) क्लासरूम्स के बराबर रही, जिनकी उम्र 75 साल होती है।
ठेका 34 ठेकेदारों को दिया गया, जिनमें से ज्यादातर का AAP से कथित संबंध बताया जा रहा हैं।
काम समय पर पूरे नहीं हुए और लागत में भारी बढ़ोतरी देखी गई।
सलाहकार और आर्किटेक्ट की नियुक्ति बिना तय प्रक्रिया के की गई, जिसके जरिए लागत को बढ़ाया गया।
सेंट्रल विजिलेंस कमीशन (CVC) की रिपोर्ट में कई अनियमितताएं सामने आईं, लेकिन इसे तीन साल तक दबाया गया।
एक क्लासरूम की सामान्य लागत 5 लाख रुपये होनी चाहिए थी, लेकिन इस परियोजना में यह 24.86 लाख रुपये प्रति कक्षा तक पहुंच गई। CVC रिपोर्ट के अनुसार, SPS निर्माण की लागत 2292 रुपये प्रति वर्ग फीट तक पहुंची, जो पक्के स्कूल भवनों की लागत (2044-2416 रुपये प्रति वर्ग फीट) के बराबर है।
एजेंसी ने कहा कि पूरी परियोजना में महत्वपूर्ण अनियमितताएं और लागत में वृद्धि देखी गई। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, “निर्धारित समय सीमा के भीतर एक भी काम पूरा नहीं हुआ।”
विदित हो कि दिल्ली शराब घोटाले में AAP के बड़े आधार स्तंभ नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल गए थे।
फिलहाल ये सभी जमानत पर हैं।
