
मुंबई। टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ को सलमान खान बीते पिछले 15 साल से होस्ट कर रहे हैं। इस रियलिटी शो की खास बात यह है कि इसमें नजर आने वाले कंटेस्टेंट को इंडस्ट्री में काम के कई मौके मिलते हैं। साथ ही, दर्शकों के बीच पॉपुलैरिटी भी हासिल होती है। लेकिन, अभी बात ग्रैंड फिनाले की। 105 दिन बाद शो के अंत में 18 में से 5 कंटेस्टेंट घर में थे। गौरव खन्ना, प्रणीत मोरे, फरहाना भट्ट, तान्या मित्तल और अमाल मालिक। शो की ट्रॉफी किसी एक को मिलना थी, इसलिए पांच में से तीन को बाहर करना था और अंत में दो कंटेस्टेंट घर से बाहर आते और उसमें किसी एक को ट्रॉफी मिलती।
बिग बॉस-19 की सबसे बड़ी ड्रामा क्वीन तान्या मित्तल को माना गया। जिन्होंने पूरे समय अपनी बड़ी-बड़ी बातों से माहौल बनाकर रखा। अपने बिजनेस के अलावा अपने शौक को लेकर भी वे चर्चा में रही। उनको अपनी बातें करने के अलावा अपनी जीत का अतिविश्वास था ,लेकिन, उनका नंबर अंतिम तीन में भी नहीं लगा। खास बात यह कि अपनी फिल्म ‘तू मेरा-मै तेरी’ का प्रमोशन करने आए कार्तिक आर्यन ने ही तान्या मित्तल को बाहर करने की औपचारिकता निभाई। वे भी उसी ग्वालियर के हैं, जहां कि तान्या मित्तल है।
इस तरह सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस-19’ के टॉप 3 की रेस से तान्या मित्तल बाहर हुई। शो के ग्रैंड फिनाले एपिसोड में उन्होंने धमाकेदार परफॉर्मेंस दी। तान्या को इस सीजन के विनर के तौर पर उनके फैंस देख रहे थे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। तान्या ने हाउस के अंदर अपने बयान और झगड़ों से खूब सुर्खियां बटोरी। अशनूर कौर पर टिप्पणी करने के लिए उन्हें डांट भी सुननी पड़ी। इसके अलावा, सलमान खान ने वीकेंड का वार एपिसोड में तान्या को समझाया भी।
हाउस के अंदर से तान्या मित्तल की हर बात वायरल हुई। फैमिली वीक में तान्या मित्तल के भाई ने उनके घर में लिफ्ट होने के दावे पर भी सफाई दी थी। उनका कहना था कि उनके यहां सभी के घर में किचन में जाने के लिए लिफ्ट लगी हुई है। सोशल मीडिया पर तान्या मित्तल के दावों पर भी खूब टिप्पणी हुई। ग्रैंड फिनाले में उन्होंने सलमान के साथ कई मजाक भी किए। तान्या की कहानियों को भी खूब पसंद किया गया। हालांकि, ट्रॉफी जीतने का उनका सपना अधूरा जरूर रह गया।
