
मुंबई। स्मृति मंधाना ने आखिरकार संगीतकार पलाश मुछाल के साथ अपनी शादी को लेकर चल रही अटकलों पर चुप्पी तोड़ दी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी मंधाना ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर पुष्टि कर दी। शादी की खबरों पर दोनों परिवारों ने मिलकर विवाह रद्द करने का फैसला किया।
आज 7 दिसंबर को जारी बयान में मंधाना ने इस व्यक्तिगत मामले पर निजता बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि वह एक बहुत निजी इंसान हैं और यह मामला अब यहीं ख़त्म करना चाहती हैं। मंधाना ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों से मेरे जीवन को लेकर बहुत अटकलें लगाई जा रही हैं और मुझे लगता है कि इस समय मेरे लिए बोलना ज़रूरी है। मैं स्पष्ट करना चाहती हूँ कि शादी रद्द कर दी गई है।
उन्होंने लोगों से इस मामले को यहीं समाप्त करने और दोनों परिवारों की निजता का सम्मान करने का आग्रह किया, ताकि वे अपनी गति से इस मुश्किल दौर से उबर सकें। मंधाना ने आगे कहा कि उनका एकमात्र ध्यान अब देश के लिए खेलने और ट्रॉफी जीतने पर होगा। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि हम सभी को चलाने वाला एक उच्च उद्देश्य होता है, और मेरे लिए, वह हमेशा से ही उच्चतम स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करना रहा है। मुझे उम्मीद है कि मैं भारत के लिए यथासंभव लंबे समय तक खेलती रहूँगी और ट्राफियां जीतती रहूंगी और मेरा ध्यान हमेशा इसी पर रहेगा।