
इंदौर। अमरावती पुलिस कंट्रोल रूम को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले संदिग्ध युवक को इंदौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खजराना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। अमरावती क्राइम ब्रांच की सूचना पर खजराना थाना पुलिस ने नाहरशाहवाली दरगाह के पास से आरोपी को पकड़कर अभिरक्षा में अमरावती पुलिस को सौंप दिया।
27 वर्षीय हरीश उर्फ़ सोहेल शेख पिता पांडुरंग धारवे, निवासी शिवाजी नगर, थाना नान गांव पेठ, जिला अमरावती ने 28 नवंबर को मोबाइल नंबर 95946-89413 से कॉल कर अमरावती पुलिस कंट्रोल रूम को बम विस्फोट की धमकी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फ्रेजरपुरा, अमरावती में अपराध क्रमांक 990/25, धारा 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी।
लोकेशन ट्रेस होते ही इंदौर पुलिस ने दबोचा
अमरावती क्राइम ब्रांच द्वारा 29 नवंबर को संदिग्ध की लोकेशन इंदौर में होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खजराना थाना प्रभारी ने तत्काल टीम गठित कर क्षेत्र में सर्चिंग शुरू करवाई। बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध को नाहरशाहवाली दरगाह के पास से हिरासत में लिया। पहचान की पुष्टि के बाद उसे अमरावती क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया।
टीम की भूमिका महत्वपूर्ण
रोपड़ में निरीक्षक मनोज सिंह सेंधव, उपनिरीक्षक संदीप पटेल, घनश्याम मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक मोहनलाल, प्रधान आरक्षक रामकृष्ण व पंकज सांवरिया तथा आरक्षक शुभम सिंह और जबरसिंह धाकड़ की भूमिका उल्लेखनीय रही। अमरावती पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।